Wednesday, May 9, 2018

BHU अस्पताल में जुलाई से आठ घंटे हो सकेगा ऑपरेशन


BHU के सर सुन्दरलाल अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर (ओटी) अब आठ घंटे चलाया जाएगा। इससे मरीजों को ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। ऑपरेशन की संख्या बढ़ेगी तो वार्ड में बेड भी ज्यादा खाली हो सकेंगे। दोपहर में ओटी बंद हो जाने के चलते बहुत से ऑपरेशनों को टालना पड़ता है। अस्पताल की पॉलिसी प्लानिंग कमेटी ने मसौदा बनाकर कुलपति को भेज दिया है। कुलपति ने भी इस पर सहमति जताई है। विश्वविद्यालय की ओर से कुछ औपचारिकताओं के बाद इसे जुलाई माह से लागू किया जा सकता है। 
सर सुन्दरलाल अस्पताल में रोजाना एक घंटे का लेक्चर क्लास होगा। इसके लिए सुबह आठ से नौ बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। विभागवार विशेषज्ञ इन कक्षाओं का संचालन करेंगे। इसके बाद सुबह नौ बजे से लेकर सायं पांच बजे तक ओपीडी चलेगी। 
तीन बजे के बाद फॉलोअप ओपीडी 
ओपीडी में तीन बजे के बाद फॉलोअप ओपीडी संचालित की जाएगी। जिसमें दिन के उन मरीजों को देखा जाएगा जिनको जांच आदि कराने का परामर्श दिया गया था। इस नई व्यवस्था के लागू होने से अस्पताल पेसेंट फ्रेंडली बन जाएगा। ओपीडी की समय सीमा बढ़ने से उन मरीजों को सहूलियत होगी जिन्हें जांच की रिपोर्ट दिखानी है। पहले जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ओपीडी का समय समाप्त हो जाता था। ऐसे में मरीजों को बड़ी दिक्कतें होती थी। 
चार घंटे पंजीकरण, दो बजे ओपीडी बंद 
सर सुन्दरलाल चिकित्सालय की ओपीडी में फिलहाल सुबह आठ से 12 बजे तक पर्ची कटती है। इसके बाद विभाग में पंजीकरण बंद हो जाता है। इन चार घंटों में जितने मरीज रजिस्टर्ड हो गए उन्हें दो बजे तक देखा जाता है। इसके बाद इमरजेंसी सेवा बहाल रहती है। नई व्यवस्था में ओपीडी व ऑपरेशन के लिए आठ घंटे का समय मिलेगा।  
इवनिंग ओपीडी
सर सुन्दरलाल चिकित्सालय में आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों को सुविधा प्रदान करने के लिए इवनिंग ओपीडी का संचालन किया जाता है। इसकी समय सीमा में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है। यह ओपीडी सायं पांच से सात बजे तक संचालित होती है। 
अस्पताल की सेवाओं का विस्तार करना अनिवार्य है। पूर्वांचल की जनता यहां बेहतर इलाज के लिए आती है। ओपीडी के साथ ही ऑपरेशन थिएटर का समय बढ़ने से मरीजों को राहत मिलेगी। 
- डॉ. ओपी उपाध्याय, एमएस, सर सुन्दरलाल अस्पताल बीएचयू